Pad (पद) अवधी • Awadhi
यह अकाम आनन्द भाग संतुष्ट-शांत उस जन का,जिसके सम्मुख फलासक्तिमय कोई ध्येय नहीं है,जो अविरत तन्मय निसर्ग से, एकाकार प्रकृति से,बहता रहता मुदित, पूर्ण, निष्काम कर्म-धारा में,संघर्षों में निरत, विरत, पर, उनके परिणामों से;सदा मानते हुए, यहाँ जो कुछ है, मात्र क्रिया है;हम निसर्ग के स्वयं कर्म हैं, कर्म स्वभाव हमारा,कर्म स्वयं आनन्द, कर्म ही फल समस्त कर्मों का ।जब हम कुछ भी नहीं खोजते निज से बाहर जाकर,तब हम कर्मी नहीं, कर्म के रूप स्वयं होते हैंकरते हुए व्यक्त आंसू अथवा उल्लास प्रकृति का ।यह अकाम आनन्द भाग उनका, जो नहीं सुखों कोआमंत्रण भेजते, न जगकर पथ जोहा करते हैं;न तो बुद्धि जिनकी चिंताकुल यह सोचा करती है,कैसे, क्या कुछ करें कि हो सुख पर अधिकार हमारा;और न तो चेतना आकुलित इस भय से रहती है,जानें, कौन दुख आ जाए कब, किस वातायन से;विधि-निषेध से मुक्त, न तो पीड़ित सचेष्ट वर्जन से,न तो प्राण को बल समेत, बरबस उस ओर लगाएजिस दिशि से जीवन में सुख-धारा फूटा करती है ।जब इन्द्रियाँ और मन ऐसी सहज, शांत मुद्रा में,वातायन खोले, चिंता से रहित पड़े होते हैं,तभी किरन निष्कलुष मोद की स्वयं उतर आती हैरवि की किरणों के समान, अम्बर से, खुले भवन में ।विधि-निषेध हैं जहाँ, वहाँ पर कर्म अकर्म नहीं है;विधि-निषेध कुछ नहीं, नियम हैं वे अर्जन-वर्जन के ।और जहाँ अर्जन-वर्जन का गणित चला करता है,कह सकते हो सजग-प्रहरियों की उस बड़ी सभा में,एक जीव भी है, जिसके कर्मों का ध्येय नहीं है?फलासक्ति से मुक्त क्रिया में जो उस भाँति निरत है,जैसे बहता है समीर सर्वथा मुक्त ध्येयों से,अथवा जैसे निरुद्देश्य ये फूल खिला करते हैं?हो कोई तो कहो, उसे फल का यदि लोभ नहीं है,तो फिर चाबुक मार स्वयं को वह क्यों हाँक रहा है?समर प्रकृति से रोप, इन्द्रियों पर तलवार उठायेचुका रहा है किस सुख का वह मोल देह-दंडन से?और कौन सुख है जिसके लुट जाने की शंका सेसारी रात नीन्द से लड़ वह आकुल जाग रहा है?और सुनोगे एक भेद? ये प्रहरी जिन घेरों पररात-रात भर धनु का गुण ताने घूमा करते हैं,उन घेरों में रक्षणीय कोई भी सार नहीं है ।कुछ भूखी रिक्तता चेतना की, कुछ फेन हवा के,कुछ थोड़ी यह तृषा कि ऐसी कोई युक्ति निकालें,जिससे मृत्यु-करों में भी पड़ने पर नहीं मरें हम;किंतु, अधिक यह भाव, वैर है प्र्कृति और ईश्वर में,अत: सिद्धि के लिये, प्रकृति से हमें दूर होना है ।मूढ़ मनुज! यह भी न जानता, तू ही स्वयं प्रकृति है?फिर अपने से आप भागकर कहाँ त्राण पाएगा?सब है शून्य कहीं कोई निश्चित आकार नहीं है,क्षण-क्षण सब कुछ बदल रहा है परिवर्तन के क्रम मेंधूमयोनि ही नहीं, ठोस यह पर्वत भी छाया है,यह भी कभी शून्य अम्बर था और अचेत अभी भी,नए-नए आकारों में क्षण-क्षण यह समा रहा है;स्यात् कभी मिल ही जाए, क्या पता, अनंत गगन में ।यह परिवर्तन ही विनाश है? तो फिर नश्वरता सेभिन्न मुक्ति कुछ नहीं. किंतु, परिवर्तन नाश नहीं है ।परिवर्तन-प्रक्रिया प्रकृति की सहज प्राण-धारा है ।