Pad (पद) अवधी • Awadhi
सुकन्यापूछो मत, वैसे तो, ऋषि की प्रकृति तनिक कोपन है;मन की रचना में निविष्ट कुछ अधिक अंश पावक का ।किंतु, नारियों पर, सचमुच, उनकी अपार श्रद्धा है,और सहज उतनी ही वत्सलता निरीह शिशुओं पर ।कहते हैं, शिशु को मत देखो अगम्भीर भावों से;अभी नहीं ये दूर केन्द्र से परम गूढ़ सत्ता के;जानें, क्या कुछ देख स्वप्न में भी हंसते रहते हैं!स्यात्, भेद जो खुला नहीं अब तक रहस्य-ज्ञानी पर,अनायास ही उसे देखते हैं ये सहज नयन से,क्योंकि दृष्टि पर अभी ज्ञान का केंचुल नहीं चढ़ा है ।“जिसके भी भीतर पवित्रता जीवित है शिशुता की,उस अदोष नर के हाथों में कोई मैल नहीं है.”जब उर्वशी यहाँ आई थी पुत्र प्रसव करने कोऋषि ने देखा था उसको, क्या कहूँ कि किस ममता से?और रात के समय कहा चिंतन-गम्भीर गिरा मेंशुभे! त्रिया का जन्म ग्रहण करने में बड़ा सुयश हैचन्द्राहत कर विजय प्राप्त कर लेना वीर नरों परबड़ी शक्ति है; शुचिस्मिते! शूरता इसे कहता हूँ ।”और नारियों में भी श्लथ, गर्भिणी, सत्वशीला कोदेख मुझे सम्मानपूर्ण करुणा सी हो आती है ।कितनी विवश, किंतु कितनी लोकोत्तर वह लगती है!“देह-कांति पीतिमा-युक्त; गति नहीं पदों के वश में;चल लेती है किसी भांति पीवर उस मेघाली-सीजो समुद्र का जल पीकर मंथर डगमगा रही हो ।आकृति ओंप-विहीन, किंतु, वह रहित नहीं भावों से;फिर भी कोई रंग देर तक ठहर नहीं पाता है,विवशा के वश में, मानो, अब ये उर्मियाँ नहीं हों ।दृग हो जाते वक्र या कि बाहर मन के बन्धन से;देख नहीं पाती, जैसे देखना चाहती है वह;यही बेबसी मुख पर आकुलता बन छा जाती है.”निस्सहाय, उदरस्थ भविष्यत के अधीन वह दीनाकिस प्रकार रख सके भला अपने वश में अपने को?जो चाहता भविष्य, वक्त्र पर वही भाव आते हैं ।मानो, जो ले जन्म कभी तुतली वाणी बोलेगा,लगा भेजने वह अजात तुतले संकेत अभी से ।सत्त्ववती नारी अंकन-पट है भविष्य के कर का ।कितनी सह यातना पालती त्रिया भविष्य जगत का?कह सकता है कौन पूर्ण महिमा इस तपश्चरण की?”और प्रसूता के समीप से जब महर्षि आए थे,बोले थे, “उर्वशी अभी, देखा कैसी लगती थी,पड़ी हुई निस्तब्ध शमित पीड़ा की शांत कुहू में?तट पर लगी अचल नौका-सी जो अदृश्य में जाकरदृश्य जगत के लिए सार्थ जीवन का ले आई हो,और रिक्त होकर प्रभार से अब अशेष तन्द्रा मेंयाद कर रही हो धुन्धली बातें अदृश्य के तट की ।बाँध रहा जो तंतु लोक को लोकोत्तर जगती से,उसका अंतिम छोर, न जाने, कहाँ अदृश्य छिपा है ।दृश्य छोर है, किंतु, यहाँ प्रत्यक्ष त्रिया के उर में!नारी ही वह महासेतु, जिस पर अदृश्य से चलकरनए मनुज, नव प्राण दृश्य जग में आते रहते हैं ।नारी ही वह कोष्ठ, देव, दानव, मनुज से छिपकरमहाशून्य, चुपचाप जहाँ आकार ग्रहण करता है ।सच पूछो तो, प्रजा-सृष्टि में क्या है भाग पुरुष का?यह तो नारी ही है, जो सब यज्ञ पूर्ण करती है ।सत्त्व-भार सहती असंग, संतति असंग जनती है;और वही शिशु को ले जाती मन के उच्च निलय में,जहाँ निरापद, सुखद कक्ष है शैशव के झूले का ।शुभे! सदा शिशु के स्वरूप में ईश्वर ही आते हैं ।महापुरुश की ही जननी प्रत्येक जननि होती है;किंतु, भविष्यत को समेट अनुकूल बना लेने कामिलता कहाँ सुयोग विश्व की सारी माताओं को?तब भी, उनका श्रेय सुचरिते! अल्प नहीं, अद्भुत है.”

यह अंश मातृत्व, संतान के प्रति स्नेह और स्त्री के अनुभवों से जुड़े सुख-दुःख पर केंद्रित है।

Work urvasi
Chapter चतुर्थ अंक
Language अवधी · Awadhi
meter मुक्तछंद
composer रामधारी सिंह 'दिनकर'
phonetic keys S251
meter not in enum true
Tags: रामधारी सिंह 'दिनकर'उर्वशीचतुर्थ अंकमातृत्व