रश्मिरथी

चतुर्थ सर्ग (कर्ण का महादान और इंद्र की याचना)

Back to Work अवधी (Awadhi)
मात्रिक छंद १
हिंदी (Hindi)
प्रेमयज्ञ अति कठिन, कुण्ड में कौन वीर बलि देगा? तन, मन, धन, सर्वस्व होम कर अतुलनीय यश लेगा? हरि के सम्मुख भी न हार जिसकी निष्ठा ने मानी, धन्य-धन्य राधेय! बंधुता के अद्भुत अभिमानी।
मात्रिक छंद २
हिंदी (Hindi)
पर, जाने क्यों, नियम एक अद्भुत जग में चलता है, भोगी सुख भोगता, तपस्वी और अधिक जलता है। हरियाली है जहाँ, जलद भी उसी खण्ड के वासी, मरु की भूमि मगर, रह जाती है प्यासी की प्यासी।
मात्रिक छंद ३
हिंदी (Hindi)
और, वीर जो किसी प्रतिज्ञा पर आकर अड़ता है, सचमुच, उसके लिए उसे सब-कुछ देना पड़ता है। नहीं सदा भीषिका दौड़ती द्वार पाप का पाकर, दुःख भोगता कभी पुण्य को भी मनुष्य अपनाकर।
मात्रिक छंद ४
हिंदी (Hindi)
पर, तब भी रेखा प्रकाश की जहाँ कहीं हँसती है, वहाँ किसी प्रज्वलित वीर नर की आभा बसती है; जिसने छोड़ी नहीं लीक विपदाओं से घबराकर। दो जग को रोशनी टेक पर अपनी जान गँवाकर।
मात्रिक छंद ५
हिंदी (Hindi)
नरता का आदर्श तपस्या के भीतर पलता है, देता वही प्रकाश, आग में जो अभीत जलता है। आजीवन झेलते दाह का दंश वीर-व्रतधारी, हो पाते तब कहीं अमरता के पद के अधिकारी।
मात्रिक छंद ६
हिंदी (Hindi)
'प्रण करना है सहज, कठिन है लेकिन, उसे निभाना, सबसे बड़ी जाँच है व्रत का अंतिम मोल चुकाना। अंतिम मूल्य न दिया अगर, तो और मूल्य देना क्या? करने लगे मोह प्राणों का तो फिर प्रण लेना क्या?
मात्रिक छंद ७
हिंदी (Hindi)
सस्ती कीमत पर बिकती रहती जब तक कुर्बानी, तब तक सभी बने रह सकते हैं त्यागी, बलिदानी। पर, महँगी में मोल तपस्या का देना दुष्कर है, हँस कर दे यह मूल्य, न मिलता वह मनुष्य घर-घर है।
मात्रिक छंद ८
हिंदी (Hindi)
जीवन का अभियान दान-बल से अजस्त्र चलता है, उतनी बढ़ती ज्योति, स्नेह जितना अनल्प जलता है, और दान में रोकर या हँसकर हम जो देते हैं, अहंकार-वश उसे स्वत्व का त्याग मान लेते हैं।
मात्रिक छंद ९
हिंदी (Hindi)
यह न स्वत्व का त्याग, दान तो जीवन का झरना है, रखना उसको रोक, मृत्यु के पहले ही मरना है। किस पर करते कृपा वृक्ष यदि अपना फल देते हैं, गिरने से उसको सँभाल, क्यों रोक नहीं लेते हैं?
मात्रिक छंद १०
हिंदी (Hindi)
ऋतु के बाद फलों का रुकना, डालों का सड़ना है। मोह दिखाना देय वस्तु पर आत्मघात करना है। देते तरु इसलिए कि मत रेशों में कीट समाएँ, रहें डालियाँ स्वस्थ और फिर नये-नये फल आएँ।
मात्रिक छंद ११
हिंदी (Hindi)
सरिता देती वारि कि पाकर उसे सुपूरित घन हो, बरसे मेघ, भरे फिर सरिता, उदित नया जीवन हो। आत्मदान के साथ जगज्जीवन का ऋजु नाता है, जो देता जितना बदले में उतना ही पाता है।
मात्रिक छंद १२
हिंदी (Hindi)
दिखलाना कार्पण्य आप, अपने धोखा खाना है, रखना दान अपूर्ण, रिक्ति निज का ही रह जाना है। व्रत का अंतिम मोल चुकाते हुए न जो रोते हैं, पूर्ण-काम जीवन से एकाकार वही होते हैं।
मात्रिक छंद १३
हिंदी (Hindi)
जो नर आत्म-दान से अपना जीवन-घट भरता है, वही मृत्यु के मुख में भी पड़कर न कभी मरता है। जहाँ कहीं है ज्योति जगत में, जहाँ कहीं उजियाला, वहाँ खड़ा है कोई अंतिम मोल चुकानेवाला।
मात्रिक छंद १४
हिंदी (Hindi)
व्रत का अंतिम मोल राम ने दिया, त्याग सीता को, जीवन की संगिनी, प्राण की मणि को, सुपुनीता को। दिया अस्थि देकर दधीचि ने, शिवि ने अंग कतर कर, हरिश्चन्द्र ने कफ़न माँगते हुए सत्य पर अड़ कर।
मात्रिक छंद १५
हिंदी (Hindi)
ईसा ने संसार-हेतु शूली पर प्राण गँवा कर, अंतिम मूल्य दिया गाँधी ने तीन गोलियाँ खाकर। सुन अंतिम ललकार मोल माँगते हुए जीवन की, सरमद ने हँसकर उतार दी त्वचा समूचे तन की।
मात्रिक छंद १६
हिंदी (Hindi)
हँसकर लिया मरण ओठों पर, जीवन का व्रत पाला, अमर हुआ सुकरात जगत में पीकर विष का प्याला। मारकर भी मनसूर नियति की सह पाया ना ठिठोली, उत्तर में सौ बार चीखकर बोटी-बोटी बोली।
मात्रिक छंद १७
हिंदी (Hindi)
दान जगत का प्रकृत धर्म है, मनुज व्यर्थ डरता है, एक रोज तो हमें स्वयं सब-कुछ देना पड़ता है। बचते वही, समय पर जो सर्वस्व दान करते हैं, ऋतु का ज्ञान नहीं जिनको, वे देकर भी मरते हैं।
मात्रिक छंद १८
हिंदी (Hindi)
वीर कर्ण, विक्रमी, दान का अति अमोघ व्रतधारी, पाल रहा था बहुत काल से एक पुण्य-प्रण भारी। रवि-पूजन के समय सामने जो याचक आता था, मुँह-माँगा वह दान कर्ण से अनायास पाता था।
मात्रिक छंद १९
हिंदी (Hindi)
थी विश्रुत यह बात कि कर्ण गुणवान और ज्ञानी हैं, दीनों के अवलम्ब, जगत के सर्वश्रेष्ठ दानी हैं। जाकर उनसे कहो, पड़ी जिस पर जैसी विपदा हो, गो, धरती, गज, वाजि माँग लो, जो जितना भी चाहो।
मात्रिक छंद २०
हिंदी (Hindi)
'नाहीं' सुनी कहाँ, किसने, कब, इस दानी के मुख से, धन की कौन बिसात? प्राण भी दे सकते वह सुख से। और दान देने में वे कितने विनम्र रहते हैं! दीन याचकों से भी कैसे मधुर वचन कहते हैं?
मात्रिक छंद २१
हिंदी (Hindi)
करते यों सत्कार कि मानों, हम हों नहीं भिखारी, वरन्, माँगते जो कुछ उसके न्यायसिद्ध अधिकारी। और उमड़ती है प्रसन्न दृग में कैसी जलधारा, मानों, सौंप रहे हों हमको ही वे न्यास हमारा।
मात्रिक छंद २२
हिंदी (Hindi)
युग-युग जियें कर्ण, दलितों के वे दुःख-दैन्य-हरण हैं, कल्पवृक्ष धरती के, अशरण की अप्रतिम शरण हैं। पहले ऐसा दानवीर धरती पर कब आया था? इतने अधिक जनों को किसने यह सुख पहुँचाया था?
मात्रिक छंद २३
हिंदी (Hindi)
और सत्य ही, कर्ण दानहित ही संचय करता था, अर्जित कर बहु विभव निःस्व, दीनों का घर भरता था। गो, धरती, गज, वाजि, अन्न, धन, वसन, जहाँ जो पाया, दानवीर ने हृदय खोल कर उसको वहीं लुटाया।
मात्रिक छंद २४
हिंदी (Hindi)
फहर रही थी मुक्त चतुर्दिक यश की विमल पताका, कर्ण नाम पड़ गया दान की अतुलनीय महिमा का। श्रद्धा-सहित नमन करते सुन नाम देश के ज्ञानी, अपना भाग्य समझ भजते थे उसे भाग्यहत प्राणी।
मात्रिक छंद २५
हिंदी (Hindi)
तब कहते हैं, एक बार हटकर प्रत्यक्ष समर से, किया नियति ने वार कर्ण पर, छिपकर पुण्य-विवर से। व्रत का निकष दान था, अबकी चढ़ी निकष पर काया, कठिन मूल्य माँगने सामने भाग्य देह धर आया।
मात्रिक छंद २६
हिंदी (Hindi)
एक दिवस जब छोड़ रहे थे दिनमणि मध्य गगन को, कर्ण जाह्नवी-तीर खड़ा था मुद्रित किए नयन को। कटि तक डूबा हुआ सलिल में किसी ध्यान में रत-सा, अम्बुधि में आकंठ निमज्जित कनक-खचित पर्वत-सा।
मात्रिक छंद २७
हिंदी (Hindi)
हँसती थीं रश्मियाँ रजत से भर कर वारि विमल को, हो उठती थीं स्वयं स्वर्ण छू कवच और कुंडल को। किरण-सुधा पी स्वयं मोद में भरकर दमक रहा था, कदली में चिकने पातों पर पारद चमक रहा था।
मात्रिक छंद २८
हिंदी (Hindi)
विहग लता-वीरूध-वितान में तट पर चहक रहे थे, धूप, दीप, कर्पूर, फूल, सब मिलकर महक रहे थे। पूरी कर पूजा-उपासना ध्यान कर्ण ने खोला, इतने में ऊपर तट पर खर-पात कहीं कुछ डोला।
मात्रिक छंद २९
हिंदी (Hindi)
कहा कर्ण ने, "कौन उधर है? बंधु सामने आओ, मैं प्रस्तुत हो चुका, स्वस्थ हो, निज आदेश सूनाओ। अपनी पीड़ा कहो, कर्ण सबका विनीत अनुचर है, यह विपन्न का सखा तुम्हारी सेवा में तत्पर है।
मात्रिक छंद ३०
हिंदी (Hindi)
'माँगो माँगो दान, अन्न या वसन, धाम या धन दूँ? अपना छोटा राज्य या कि यह क्षणिक, क्षुद्र जीवन दूँ? मेघ भले लौटे उदास हो किसी रोज सागर से, याचक फिर सकते निराश पर, नहीं कर्ण के घर से।
मात्रिक छंद ३१
हिंदी (Hindi)
'पर का दुःख हरण करने में ही अपना सुख माना, भाग्यहीन मैंने जीवन में और स्वाद क्या जाना? आओ, उऋण बनूँ तुमको भी न्यास तुम्हारा देकर, उपकृत करो मुझे, अपनी सिंचित निधि मुझसे लेकर।
मात्रिक छंद ३२
हिंदी (Hindi)
'अरे कौन हैं भिक्षु यहाँ पर और कौन दाता है? अपना ही अधिकार मनुज नाना विधि से पाता है। कर पसार कर जब भी तुम मुझसे कुछ ले लेते हो, तृप्त भाव से हेर मुझे क्या चीज नहीं देते हो?
मात्रिक छंद ३३
हिंदी (Hindi)
'दीनों का संतोष, भाग्यहीनों की गदगद वाणी, नयन-कोर में भरा लबालब कृतज्ञता का पानी, हो जाना फिर हरा युगों से मुरझाए अधरों का, पाना आशीर्वचन, प्रेम, विश्वास अनेक नरों का।
मात्रिक छंद ३४
हिंदी (Hindi)
'इससे बढ़कर और प्राप्ति क्या जिस पर गर्व करूँ मैं? पर को जीवन मिले अगर तो हँस कर क्यों न मरूँ मैं? मोल-तोल कुछ नहीं, माँग लो जो कुछ तुम्हें सुहाए, मुँहमाँगा ही दान सभी को हम हैं देते आए।
मात्रिक छंद ३५
हिंदी (Hindi)
गिरा गहन सुन चकित और मन-ही-मन-कुछ भरमाया, लता-ओट से एक विप्र सामने कर्ण के आया, कहा कि 'जय हो, हमने भी है सुनी सुकीर्ति कहानी, नहीं आज कोई त्रिलोक में कहीं आप-सा दानी।
मात्रिक छंद ३६
हिंदी (Hindi)
'नहीं फिराते एक बार जो कुछ मुख से कहते हैं, प्रण पालन के लिए आप बहु भाँति कष्ट सहते हैं। आश्वासन से ही अभीत हो सुख विपन्न पाता है, कर्ण-वचन सर्वत्र कार्यवाचक माना जाता है।
मात्रिक छंद ३७
हिंदी (Hindi)
'लोग दिव्य शत-शत प्रमाण निष्ठा के बतलाते हैं, शिवि-दधिचि-प्रह्लाद कोटि में आप गिने जाते हैं। सबका है विश्वास, मृत्यु से आप न डर सकते हैं, हँस कर प्रण के लिए प्राण न्योछावर कर सकते हैं।
मात्रिक छंद ३८
हिंदी (Hindi)
'ऐसा है तो मनुज-लोक, निश्चय, आदर पाएगा, स्वर्ग किसी दिन भीख माँगने मिट्टी पर आएगा। किंतु भाग्य है बली, कौन, किससे, कितना पाता है, यह लेखा नर के ललाट में ही देखा जाता है।
मात्रिक छंद ३९
हिंदी (Hindi)
'क्षुद्र पात्र हो मग्न कूप में जितना जल लेता है, उससे अधिक वारि सागर भी उसे नहीं देता है। अतः व्यर्थ है देख बड़ों को बड़ी वास्तु की आशा, किस्मत भी चाहिए, नहीं केवल ऊँची अभिलाषा।'
मात्रिक छंद ४०
हिंदी (Hindi)
कहा कर्ण ने, 'वृथा भाग्य से आप डरे जाते हैं, जो है सम्मुख खड़ा, उसे पहचान नहीं पाते हैं। विधि ने क्या था लिखा भाग्य में, खूब जानता हूँ मैं, बाहों को, पर, कहीं भाग्य से बली मानता हूँ मैं।
मात्रिक छंद ४१
हिंदी (Hindi)
'महाराज, उद्यम से विधि का अंक उलट जाता है, किस्मत का पाशा पौरुष से हार पलट जाता है। और उच्च अभिलाषाएँ तो मनुज मात्र का बल हैं, जगा-जगा कर हमें वही तो रखती निज चंचल हैं।
मात्रिक छंद ४२
हिंदी (Hindi)
'आगे जिसकी नजर नहीं, वह भला कहाँ जाएगा? अधिक नहीं चाहता, पुरुष वह कितना धन पाएगा? अच्छा, अब उपचार छोड़, बोलिए, आप क्या लेंगे, सत्य मानिये, जो माँगेंगे आप, वही हम देंगे।
मात्रिक छंद ४३
हिंदी (Hindi)
'मही डोलती और डोलता नभ में देव-निलय भी, कभी-कभी डोलता समर में किंचित वीर-हृदय भी। डोले मूल अचल पर्वत का, या डोले ध्रुवतारा, सब डोलें पर नहीं डोल सकता है वचन हमारा।'
मात्रिक छंद ४४
हिंदी (Hindi)
भली-भाँति कस कर दाता को, बोला नीच भिखारी, 'धन्य-धन्य, राधेय! दान के अति अमोघ व्रतधारी। ऐसा है औदार्य, तभी तो कहता हर याचक है, महाराज का वचन सदा, सर्वत्र क्रियावाचक है।
मात्रिक छंद ४५
हिंदी (Hindi)
'मैं सब कुछ पा गया प्राप्त कर वचन आपके मुख से, अब तो मैं कुछ लिए बिना भी जा सकता हूँ सुख से। क्योंकि माँगना है जो कुछ उसको कहते डरता हूँ, और साथ ही, एक द्विधा का भी अनुभव करता हूँ।
मात्रिक छंद ४६
हिंदी (Hindi)
'कहीं आप दे सके नहीं, जो कुछ मैं धन माँगूँगा, मैं तो भला किसी विधि अपनी अभिलाषा त्यागूँगा। किंतु आपकी कीर्ति-चाँदनी फीकी हो जाएगी, निष्कलंक विधु कहाँ दूसरा फिर वसुधा पाएगी।
मात्रिक छंद ४७
हिंदी (Hindi)
'है सुकर्म, क्या संकट में डालना मनस्वी नर को? प्रण से डिगा आपको दूँगा क्या उत्तर जग भर को? सब कोसेंगे मुझे कि मैंने पुण्य मही का लूटा, मेरे ही कारण अभंग प्रण महाराज का टूटा।
मात्रिक छंद ४८
हिंदी (Hindi)
'अतः विदा दें मुझे, खुशी से मैं वापस जाता हूँ।' बोल उठा राधेय, 'आपको मैं अद्भुत पाता हूँ। सुर हैं, या कि यक्ष हैं अथवा हरि के मायाचर हैं, समझ नहीं पाता कि आप नर हैं या योनि इतर हैं।
मात्रिक छंद ४९
हिंदी (Hindi)
'भला कौन-सी वस्तु आप मुझ नश्वर से माँगेंगे, जिसे नहीं पाकर, निराश हो, अभिलाषा त्यागेंगे? गो, धरती, धन, धाम वस्तु जितनी चाहे दिलवा दूँ, इच्छा हो तो शीश काट कर पद पर यहीं चढ़ा दूँ।
मात्रिक छंद ५०
हिंदी (Hindi)
'या यदि साथ लिया चाहें जीवित, सदेह मुझको ही, तो भी वचन तोड़कर हूँगा नहीं विप्र का द्रोही। चलिए साथ चलूँगा मैं साकल्य आप का ढोते, सारी आयु बिता दूँगा चरणों को धोते-धोते।
मात्रिक छंद ५१
हिंदी (Hindi)
'वचन माँग कर नहीं माँगना दान बड़ा अद्भुत है, कौन वस्तु है, जिसे न दे सकता राधा का सुत है? विप्रदेव! माँगिए, छोड़ संकोच वस्तु मनचाही, मरूँ अयश कि मृत्यु, करूँ यदि एक बार भी 'नाहीं'।'
मात्रिक छंद ५२
हिंदी (Hindi)
सहम गया सुन शपथ कर्ण की, हृदय विप्र का डोला, नयन झुकाए हुए भिक्षु साहस समेट कर बोला, 'धन की लेकर भीख नहीं मैं घर भरने आया हूँ, और नहीं नृप को अपना सेवक करने आया हूँ।
मात्रिक छंद ५३
हिंदी (Hindi)
'यह कुछ मुझको नहीं चाहिए, देव धर्म को बल दें, देना हो तो मुझे कृपा कर कवच और कुंडल दें।'
मात्रिक छंद ५४
हिंदी (Hindi)
'कवच और कुंडल!' विद्युत छू गयी कर्ण के तन को; पर, कुछ सोच रहस्य, कहा उसने गंभीर कर मन को। 'समझा, तो यह और न कोई, आप, स्वयं सुरपति हैं, देने को आये प्रसन्न हो तप को नयी प्रगति हैं।
मात्रिक छंद ५५
हिंदी (Hindi)
'धन्य हमारा सुयश आपको खींच मही पर लाया, स्वर्ग भीख माँगने आज, सच ही, मिट्टी पर आया। क्षमा कीजिए, इस रहस्य को तुरत न जान सका मैं, छिप कर आये आप, नहीं इससे पहचान सका मैं।
मात्रिक छंद ५६
हिंदी (Hindi)
'दीन विप्र ही समझ कहा-धन, धाम, धारा लेने को, था क्या मेरे पास, अन्यथा, सुरपति को देने को? केवल गन्ध जिन्हें प्रिय, उनको स्थूल मनुज क्या देगा? और व्योमवासी मिट्टी से दान भला क्या लेगा?
मात्रिक छंद ५७
हिंदी (Hindi)
'फिर भी, देवराज भिक्षुक बनकर यदि हाथ पसारे, जो भी हो, पर इस सुयोग को, हम क्यों अशुभ विचारें? अतः आपने जो माँगा है दान वही मैं दूँगा, शिवि-दधिचि की पंक्ति छोड़कर जग में अयश न लूँगा।
मात्रिक छंद ५८
हिंदी (Hindi)
'पर कहता हूँ, मुझे बना निस्त्राण छोड़ते हैं क्यों? कवच और कुंडल ले करके प्राण छोड़ते हैं क्यों? यह शायद, इसलिए कि अर्जुन जिए, आप सुख लूटे, व्यर्थ न उसके शर अमोघ मुझसे टकराकर टूटे।
मात्रिक छंद ५९
हिंदी (Hindi)
'उधर करें बहु भाँति पार्थ कि स्वयं कृष्ण रखवाली, और इधर मैं लड़ूँ लिये यह देह कवच से खाली। तनिक सोचिये, वीरों का यह योग्य समर क्या होगा? इस प्रकार से मुझे मार कर पार्थ अमर क्या होगा?
मात्रिक छंद ६०
हिंदी (Hindi)
'एक बाज का पंख तोड़ कर करना अभय अपर को, सुर को शोभे भले, नीति यह नहीं शोभती नर को। यह तो निहत शरभ पर चढ़ आखेटक पद पाना है, जहर पीला मृगपति को उस पर पौरुष दिखलाना है।
मात्रिक छंद ६१
हिंदी (Hindi)
'यह तो साफ समर से होकर भीत विमुख होना है, जय निश्चित हो जाय, तभी रिपु के सम्मुख होना है। देवराज! हम जिसे जीत सकते न बाहु के बल से, क्या है उचित उसे मारें हम न्याय छोड़कर छल से?
मात्रिक छंद ६२
हिंदी (Hindi)
'हार-जीत क्या चीज? वीरता की पहचान समर है, सच्चाई पर कभी हार कर भी न हारता नर है। और पार्थ यदि बिना लड़े ही जय के लिये विकल है, तो कहता हूँ, इस जय का भी एक उपाय सरल है।
मात्रिक छंद ६३
हिंदी (Hindi)
'कहिए उसे, मोम की मेरी एक मूर्ति बनवाए, और काट कर उसे, जगत में कर्णजयी कहलाए। जीत सकेगा मुझे नहीं वह और किसी विधि रण में, कर्ण-विजय की आश तड़प कर रह जायेगी मन में।
मात्रिक छंद ६४
हिंदी (Hindi)
'जीते-जूझ समर वीरों ने सदा बाहु के बल से, मुझे छोड़ रक्षित जन्मा था कौन कवच-कुंडल में? मैं ही था अपवाद, आज वह भी विभेद हरता हूँ, कवच छोड़ अपना शरीर सबके समान करता हूँ।
मात्रिक छंद ६५
हिंदी (Hindi)
'अच्छा किया कि आप मुझे समतल पर लाने आये, हर तनुत्र दैवीय; मनुज सामान्य बनाने आये। अब ना कहेगा जगत, कर्ण को ईश्वरीय भी बल था, जीता वह इसलिए कि उसके पास कवच-कुंडल था।
मात्रिक छंद ६६
हिंदी (Hindi)
'महाराज! किस्मत ने मेरी की न कौन अवहेला? किस आपत्ति-गर्त में उसने मुझको नहीं धकेला? जन्मा जाने कहाँ, पला, पद-दलित सूत के कुल में, परिभव सहता रहा विफल प्रोत्साहन हित व्याकुल मैं।
मात्रिक छंद ६७
हिंदी (Hindi)
'द्रोणदेव से हो निराश वन में भृगुपति तक धाया, बड़ी भक्ति की पर, बदले में शाप भयानक पाया। और दान जिसके कारण ही हुआ ख्यात मैं जग में, आया है बन विघ्न सामने आज विजय के मग में।
मात्रिक छंद ६८
हिंदी (Hindi)
'ब्रह्मा के हित उचित मुझे क्या इस प्रकार छलना था? हवन डालते हुए यज्ञ में मुझ को ही जलना था? सबको मिली स्नेह की छाया, नयी-नयी सुविधाएँ, नियति भेजती रही सदा, पर, मेरे हित विपदाएँ।
मात्रिक छंद ६९
हिंदी (Hindi)
'मन-ही-मन सोचता रहा हूँ, यह रहस्य भी क्या है? खोज-खोज घेरती मुझी को जाने क्यों विपदा है? और कहें यदि पूर्व जन्म के पापों का यह फल है, तो फिर विधि ने दिया मुझे क्यों कवच और कुंडल है?
मात्रिक छंद ७०
हिंदी (Hindi)
'समझ नहीं पड़ती विरंचि कि बड़ी जटिल है माया, सब-कुछ पाकर भी मैंने यह भाग्य-दोष क्यों पाया? जिससे मिलता नहीं सिद्ध फल मुझे किसी भी व्रत का, उल्टा हो जाता प्रभाव मुझ पर आ धर्म-सुगत का।
मात्रिक छंद ७१
हिंदी (Hindi)
'गंगा में ले जन्म, वारि गंगा का पी न सका मैं, किये सदा सत्कर्म, छोड़ चिंता पर, जी न सका मैं। जाने क्या मेरी रचना में था उद्देश्य प्रकृति का? मुझे बना आगार शूरता का, करुणा का, धृति का।
मात्रिक छंद ७२
हिंदी (Hindi)
'देवोपम गुण सभी दान कर, जाने क्या करने को, दिया भेज भू पर केवल बाधाओं से लड़ने को! फिर कहता हूँ, नहीं व्यर्थ राधेय यहाँ आया है, एक नया संदेश विश्व के हित वह भी लाया है।
मात्रिक छंद ७३
हिंदी (Hindi)
'स्यात्, उसे भी नया पाठ मनुजों को सिखलाना है, जीवन-जय के लिये कहीं कुछ करतब दिखलाना है। वह करतब है यह कि शूर जो चाहे कर सकता है, नियति-भाल पर पुरुष पाँव निज बल से धर सकता है।
मात्रिक छंद ७४
हिंदी (Hindi)
'वह करतब है यह कि शक्ति बसती न वंश या कुल में, बसती है वह सदा वीर पुरुषों के वक्ष पृथुल में। वह करतब है यह कि विश्व ही चाहे रिपु हो जाये, दगा धर्म दे और पुण्य चाहे ज्वाला बरसाये।
मात्रिक छंद ७५
हिंदी (Hindi)
'पर, मनुष्य तब भी न कभी सत्पथ से टल सकता है, बल से अंधड़ को धकेल वह आगे चल सकता है। वह करतब है यह कि युद्ध में मारो और मरो तुम, पर कुपंथ में कभी जीत के लिये न पाँव धरो तुम।
मात्रिक छंद ७६
हिंदी (Hindi)
'वह करतब है यह कि सत्य-पथ पर चाहे कट जाओ, विजय-तिलक के लिए करों में कालिख पर, न लगाओ। देवराज! छल, छद्म, स्वार्थ, कुछ भी न साथ लाया हूँ, मैं केवल आदर्श, एक उनका बनने आया हूँ।
मात्रिक छंद ७७
हिंदी (Hindi)
'जिन्हें नहीं अवलम्ब दूसरा, छोड़ बाहु के बल को, धर्म छोड़ भजते न कभी जो किसी लोभ से छल को। मैं उनका आदर्श जिन्हें कुल का गौरव ताड़ेगा, 'नीचवंशजन्मा' कहकर जिनको जग धिक्कारेगा।
मात्रिक छंद ७८
हिंदी (Hindi)
'जो समाज के विषम वह्नि में चारों ओर जलेंगे, पग-पग पर झेलते हुए बाधा निःसीम चलेंगे। मैं उनका आदर्श, कहीं जो व्यथा न खोल सकेंगे, पूछेगा जग; किंतु, पिता का नाम न बोल सकेंगे।
मात्रिक छंद ७९
हिंदी (Hindi)
'जिनका निखिल विश्व में कोई कहीं न अपना होगा, मन में लिए उमंग जिन्हें चिर-काल कल्पना होगा। मैं उनका आदर्श, किंतु, जो तनिक न घबरायेंगे, निज चरित्र-बल से समाज में पद-विशिष्ट पायेंगे।
मात्रिक छंद ८०
हिंदी (Hindi)
'सिंहासन ही नहीं, स्वर्ग भी उन्हें देख नत होगा, धर्म हेतु धन-धाम लुटा देना जिनका व्रत होगा। श्रम से नहीं विमुख होंगे, जो दुःख से नहीं डरेंगे, सुख के लिए पाप से जो नर कभी न सन्धि करेंगे।
मात्रिक छंद ८१
हिंदी (Hindi)
'कर्ण-धर्म होगा धरती पर बलि से नहीं मुकरना, जीना जिस अप्रतिम तेज से, उसी शान से मरना। भुज को छोड़ न मुझे सहारा किसी और सम्बल का, बड़ा भरोसा था, लेकिन, इस कवच और कुण्डल का।
मात्रिक छंद ८२
हिंदी (Hindi)
'पर, उनसे भी आज दूर सम्बन्ध किये लेता हूँ, देवराज! लीजिए खुशी से महादान देता हूँ। यह लीजिए कर्ण का जीवन और जीत कुरूपति की, कनक-रचित निःश्रेणि अनूपम निज सुत की उन्नति की।
मात्रिक छंद ८३
हिंदी (Hindi)
'हेतु पांडवों के भय का, परिणाम महाभारत का, अंतिम मूल्य किसी दानी जीवन के दारुण व्रत का। जीवन देकर जय खरीदना, जग में यही चलन है, विजय दान करता न प्राण को रख कर कोई जन है।
मात्रिक छंद ८४
हिंदी (Hindi)
'मगर, प्राण रखकर प्रण अपना आज पालता हूँ मैं, पूर्णाहुति के लिए विजय का हवन डालता हूँ मैं। देवराज! जीवन में आगे और कीर्ति क्या लूँगा? इससे बढ़कर दान अनूपम भला किसे, क्या दूँगा?
मात्रिक छंद ८५
हिंदी (Hindi)
'अब जाकर कहिए कि "पुत्र! मैं वृथा नहीं आया हूँ, अर्जुन! तेरे लिए कर्ण से विजय माँग लाया हूँ।"' एक विनय है और, आप लौटें जब अमर भुवन को, दें दें यह सूचना सत्य के हित में, चतुरानन को।
मात्रिक छंद ८६
हिंदी (Hindi)
'उद्वेलित जिसके निमित्त पृथ्वीतल का जन-जन है, कुरुक्षेत्र में अभी शुरू भी हुआ नहीं वह रण है। दो वीरों ने किंतु, लिया कर, आपस में निपटारा, हुआ जयी राधेय और अर्जुन इस रण में हारा।'
मात्रिक छंद ८७
हिंदी (Hindi)
यह कह, उठा कृपाण कर्ण ने त्वचा छील क्षण भर में, कवच और कुण्डल उतार, धर दिया इन्द्र के कर में। चकित, भीत चहचहा उठे कुंजों में विहग बिचारे, दिशा सन्न रह गयी देख यह दृश्य भीति के मारे।
मात्रिक छंद ८८
हिंदी (Hindi)
सह न सके आघात, सूर्य छिप गये सरक कर घन में, 'साधु-साधु!' की गिरा मंद्र गूँजी गंभीर गगन में। अपना कृत्य विचार, कर्ण का करतब देख निराला, देवराज का मुखमंडल पड़ गया ग्लानि से काला।
मात्रिक छंद ८९
हिंदी (Hindi)
क्लिन्न कवच को लिए किसी चिंता में मग्न हुए-से, ज्यों-के-त्यों रह गये इंद्र जड़ता में ठगे हुए-से। 'पाप हाथ से निकल मनुज के सिर पर जब छाता है, तब सत्य ही, प्रदाह प्राण का सहा नहीं जाता है।
मात्रिक छंद ९०
हिंदी (Hindi)
'अहंकारवश इंद्र सरल नर को छलने आए थे, नहीं त्याग के महातेज-सम्मुख जलने आये थे। किन्तु, विशिख जो लगा कर्ण की बलि का आन हृदय में, बहुत काल तक इंद्र मौन रह गये मग्न विस्मय में।
मात्रिक छंद ९१
हिंदी (Hindi)
झुका शीश आखिर वे बोले, 'अब क्या बात कहूँ मैं? करके ऐसा पाप मूक भी कैसे, किन्तु रहूँ मैं? पुत्र! सत्य तूने पहचाना, मैं ही सुरपति हूँ, पर सुरत्व को भूल निवेदित करता तुझे प्रणति हूँ।
मात्रिक छंद ९२
हिंदी (Hindi)
'देख लिया, जो कुछ देखा था कभी न अब तक भू पर, आज तुला कर भी नीचे है मही, स्वर्ग है ऊपर। क्या कह करूँ प्रबोध? जीभ काँपती, प्राण हिलते हैं, माँगूँ क्षमादान, ऐसे तो शब्द नहीं मिलते हैं।
मात्रिक छंद ९३
हिंदी (Hindi)
'दे पावन पदधूलि कर्ण! दूसरी न मेरी गति है, पहले भी थी भ्रमित, अभी भी फँसी भँवर में मति है। नहीं जानता था कि छद्म इतना संहारक होगा, दान कवच-कुण्डल का ऐसा हृदय-विदारक होगा।
मात्रिक छंद ९४
हिंदी (Hindi)
'मेरे मन का पाप मुझी पर बन कर धूम घिरेगा, वज्र भेद कर तुझे, तुरत मुझ पर ही आन गिरेगा। तेरे महातेज के आगे मलिन हुआ जाता हूँ, कर्ण! सत्य ही, आज स्वयं को बड़ा क्षुद्र पाता हूँ।
मात्रिक छंद ९५
हिंदी (Hindi)
'आह! खली थी कभी नहीं मुझको यों लघुता मेरी, दानी! कहीं दिव्या है मुझसे आज छाँह भी तेरी। तृण-सा विवश डूबता, उगता, बहता, उतराता हूँ, शील-सिंधु की गहराई का पता नहीं पाता हूँ।
मात्रिक छंद ९६
हिंदी (Hindi)
'घूम रही मन-ही-मन लेकिन, मिलता नहीं किनारा, हुई परीक्षा पूर्ण, सत्य ही नर जीता सुर हारा। हाँ, पड़ पुत्र-प्रेम में आया था छल ही करने को, जान-बूझ कर कवच और कुण्डल तुझसे हरने को।
मात्रिक छंद ९७
हिंदी (Hindi)
'वह छल हुआ प्रसिद्ध किसे, क्या मुख अब दिखलाऊँगा, आया था बन विप्र, चोर बनकर वापस जाऊँगा। वंदनीय तू कर्ण, देखकर तेज तिग्म अति तेरा, काँप उठा था आते ही देवत्वपूर्ण मन मेरा।
मात्रिक छंद ९८
हिंदी (Hindi)
'किन्तु, अभी तो तुझे देख मन और डरा जाता है, हृदय सिमटता हुआ आप-ही-आप मरा जाता है। दीख रहा तू मुझे ज्योति के उज्ज्वल शैल अचल-सा, कोटि-कोटि जन्मों के संचित महापुण्य के फल-सा।
मात्रिक छंद ९९
हिंदी (Hindi)
'त्रिभुवन में जिन अमित योगियों का प्रकाश जगता है, उनके पूंजीभूत रूप-सा तू मुझको लगता है। खड़े दीखते जगन्नियता पीछे तुझे गगन में, बड़े प्रेम से लिए तुझे ज्योतिर्मय आलिंगन में।
मात्रिक छंद १००
हिंदी (Hindi)
'दान, धर्म, अगणित व्रत-साधन, योग, यज्ञ, तप तेरे, सब प्रकाश बन खड़े हुए हैं तुझे चतुर्दिक घेरे। मही मग्न हो तुझे अंक में लेकर इठलाती है, मस्तक सूँघ स्वत्व अपना यह कहकर जतलाती है।
मात्रिक छंद १०१
हिंदी (Hindi)
'इसने मेरे अमित मलिन पुत्रों का दुःख मेटा है, सूर्यपुत्र यह नहीं, कर्ण मुझ दुखिया का बेटा है। तू दानी, मैं कुटिल प्रवंचक, तू पवित्र, मैं पापी, तू देकर भी सुखी और मैं लेकर भी परितापी।
मात्रिक छंद १०२
हिंदी (Hindi)
'तू पहुँचा है जहाँ कर्ण, देवत्व न जा सकता है, इस महान पद को कोई मानव ही पा सकता है। देख न सकता अधिक और मैं कर्ण, रूप यह तेरा, काट रहा है मुझे जागकर पाप भयानक मेरा।
मात्रिक छंद १०३
हिंदी (Hindi)
'तेरे इस पावन स्वरूप में जितना ही पगता हूँ, उतना ही मैं और अधिक बर्बर-समान लगता हूँ। अतः कर्ण! कर कृपा यहाँ से मुझे तुरत जाने दो, अपने इस दुर्द्धर्ष तेज से त्राण मुझे पाने दो।
मात्रिक छंद १०४
हिंदी (Hindi)
'मगर विदा देने के पहले एक कृपा यह कर दो, मुझ निष्ठुर से भी कोई ले माँग सोच कर वर लो।' कहा कर्ण ने, 'धन्य हुआ मैं आज सभी कुछ देकर, देवराज! अब क्या होगा वरदान नया कुछ लेकर?
मात्रिक छंद १०५
हिंदी (Hindi)
'बस, आशीष दीजिए, धर्म में मेरा भाव अचल हो, वही छत्र हो, वही मुकुट हो, वही कवच-कुण्डल हो।' देवराज बोले कि, 'कर्ण! यदि धर्म तुझे छोड़ेगा, निज रक्षा के लिए नया सम्बन्ध कहाँ जोड़ेगा?
मात्रिक छंद १०६
हिंदी (Hindi)
'और धर्म को तू छोड़ेगा भला पुत्र! किस भय से? अभी-अभी रक्खा जब इतना ऊपर उसे विजय से। धर्म नहीं, मैंने तुझसे जो वस्तु हरण कर ली है, छल से कर आघात तुझे जो निस्सहायता दी है।
मात्रिक छंद १०७
हिंदी (Hindi)
'उसे दूर या कम करने की है मुझको अभिलाषा, पर, स्वेच्छा से नहीं पूजने देगा तू यह आशा। तू माँगें कुछ नहीं, किन्तु मुझको अवश्य देना है, मन का कठिन बोझ थोड़ा-सा हल्का कर लेना है।
मात्रिक छंद १०८
हिंदी (Hindi)
'ले अमोघ यह अस्त्र, काल को भी यह खा सकता है, इसका कोई वार किसी पर विफल न जा सकता है। एक बार ही मगर, काम तू इससे ले पायेगा, फिर यह तुरत लौट कर मेरे पास चला जायेगा।
मात्रिक छंद १०९
हिंदी (Hindi)
'अतः वत्स! मत इसे चलाना कभी वृथा चंचल हो, लेना काम तभी जब तुझको और न कोई बल हो। 'दानवीर! जय हो, महिमा का गान सभी जन गाये, देव और नर, दोनों ही, तेरा चरित्र अपनाये।'
मात्रिक छंद ११०
हिंदी (Hindi)
दे अमोघ शर-दान सिधारे देवराज अम्बर को, व्रत का अंतिम मूल्य चुका कर गया कर्ण निज घर को।

Contributors

Veer
सामुदायिक संरक्षण / Community Custodianship

इस अध्याय की अनुवाद स्थिति

Chapter Translation Coverage & Stewardship

इस अध्याय में 0 छंदों का अंग्रेजी अथवा 110 छंदों का हिन्दी भावार्थ प्रतीक्षित है। अवधी धरोहर के प्रसार में अपना योगदान दें।

अनुवाद पूर्णता / Completion: 100% 110/110 छंद अनूदित