Pad (पद) अवधी • Awadhi
सुकन्यादेवि! आपकी व्यथा, सत्य ही, अति दुरंत, दुस्सह है;आजीवन यह गाँस हृदय से, सचमुच नहीं कढ़ेगी ।पर, इस ग्लानि,प्रदाह, आत्म-पीड़न से अब क्या होगा?उन्मूलित वाटिका नहीं फिर से बसने वाली है ।उसे देख कर जिएँ, नया पादप जो आन मिला है ।जितना भी सिर धुनें शोक से प्रियतम की विच्युति पर,किंतु, सुचरिते! यह अचिंत्य विस्मय की बात नहीं है ।पुरुष नहीं विक्रांत, भीम, दुर्जय, कराल होता है,जहाँ सामने तथ्य खड़े हों, अरि हों, चट्टानें हों ।पर, जब कभी युद्ध ठन जाता इसी अजेय पुरुष काअपने ही मन की तरंग, अपनी ही किसी तृषा सेउससे बढ़कर और कौन कायर जग में होता है?कर लेता है आत्म-घात, क्या कथा यतीत्व-ग्रहण की?पर के फेंके हुए पाश से पुरुष नहीं डरता है,वह, अवश्य ही, काट फेंकता उसे बाहु के बल से ।पर, फँस जाता जभी वीर अपनी निर्मित उलझन में,निकल भागने की उसको तब राह नहीं मिलती है ।इसीलिए दायित्व गहन,दुस्तर गृहस्थ नारी का ।क्षण-क्षण सजग, अनिन्द्र-दृष्टि देखना उसे होता है,अभी कहाँ है व्यथा, समर में लौटे हुए पुरुष कोकहाँ लगी है प्यास, पाँव में काँटे कहाँ चुभे हैं?बुरा किया यदि शुभे! आपने देखा नहीं नृपति केकहाँ घाव थे, कहाँ जलन थी, कहाँ मर्म-पीड़ा थी?यह भी नियम विचित्र प्रकृति का, जो समर्थ, उद्भट है,दौड़ रहा ऊपर पयोधि के खुले हुए प्रांगण में;और त्रिया जो अबल, मात्र आंसू, केवल करुणा है,वही बैठ सम्पूर्ण सृष्टि के महा मूल निस्तल मेंछिगुनी पर धारे समुद्र को ऊंचा किए हुए है ।इसीलिए इतिहास, तुच्छ अनुचर प्रकाश, हलचल का,किसी त्रिया की कथा नहीं तब तक अंकित करता है,छाँह छोड़ जब तक आकर वह वरवर्णिनी प्रभा मेंबैठ नहीं जाती नरत्व ले नर के सिंहासन परया जब तक मोहिनी फेंक मदनायित नयन-शरों कीकिसी पुरुष को ले जग में विक्षोभ नहीं भरती है ।देवि! ग्लानि क्या।हम इतिहासों में यदि प्रथित नहीं हैंअपनी सहज भूमि नारी की धूप नहीं, छाया हैइतिहासों की सकल दृष्टि केन्द्रित, बस एक क्रिया पर ।किंतु, नारियाँ क्रिया नहीं, प्रेरणा, पीति, करुणा हैं;उद्गम-स्थली अदृश्य ,जहाँ से सभी कर्म उठते हैं ।लिखता है इतिहास कथा उस जनाकीर्ण जीवन की;जहाँ सूर्य का प्रखर ताप है, भीषण कोलाहल हैपर, फैला है जहाँ चान्द्र साम्राज्य मूक नारी का;वह प्रदेश एकांत, बोलता केवल संकेतों में ।अंवेषी इतिहास शूरता का, संघर्ष-सुयश का;किंतु, हाय, शूरता नारियों की नीरव होती है;वह सशब्द आघात नहीं, ममता है, कष्ट-सहन है ।सदा दौड़ता ही रहता इतिहास व्यग्र इस भय से,छूट न जाए कहीं संग भागते हुए अवसर का;किंतु, अचंचल त्रिया बैठ अपने गम्भीर प्राणों मेंअनुद्विग्न, अनधीर काल का पथ देखा करती है ।पर, तब भी हम छिन्न नहीं इतिहासों की धारा सेकौन नहीं जानता पुरुष जब थकता कभी समर में,किस मुख का कर ध्यान, याद कर किसके स्निग्ध-दृगों कोक्लांति छोड़ वह पुन: नए पुलकों से भर जाता है?और कौन प्रति प्रात हाँक नर को बाहर करती हैनई उर्मि, नूतन उमंग-आशा से उसे सजा करलड़ने को जा वहाँ, जहाँ जीवन-रण छिड़ा हुआ है,करने को निज अंशदान इतिहासों के प्रणयन में?और सांझ के समय पुरुष जब आता लौट समर से,दिन भर का इतिहास कौन उसके मुख से सुनती हैकभी मन्द स्मिति-सहित, कभी आंखों से अश्रु बहाकर?नारी क्रिया नहीं, वह केवल क्षमा, शांति, करुणा है ।इसीलिए, इतिहास पहुंचता जभी निकट नारी के,हो रहता वह अचल या कि फिर कविता बन जाता है ।हाय, स्वप्न! जानें, भविष्य भू का वह कब आयेगा,जब धरती पर निनद नहीं, नीरवता राज करेगी;दिन भर कर संघर्ष पुरुष जो भी इतिहास रचेगा,बन जाएगा काव्य, सांझ होते ही, भवन-भवन में!अभी चंड मध्याह्न, सूर्य की ज्वाला बहुत प्रखर है;दिवस लग्न अनुकूल वह्नि के,पौरुष-पूर्ण गुणों के ।जब आएगी रात, स्यात, तब शांत, अशब्द क्षणों मेंमही सिक्त होगी नरेश्वरी की शीतल महिमा से ।और देवि! जिन दिव्य गुणों को मानवता कहते हैंउस्के भी अत्यधिक निकट नर नहीं, मात्र नारी है ।जितना अधिक प्रभुत्व-तृषा से पीड़ित पुरुष-हृदय है,उतने पीड़ित कभी नहीं रहते हैं प्राण त्रिया के ।कहते हैं, जिसने सिरजा था हमें, प्रकांड पुरुष था;इसीलिए, उसने प्रवृत्ति नर में दी स्वत्व-हरण की ।और नारियों को विरचा उसने कुछ इस कौशल से,हम हो जाती हैं कृतार्थ अपने अधिकार गँवा कर ।