Pad (पद) अवधी • Awadhi
आह, रूप यह! उड़ूँ जहाँ भी, चारों ओर भुवन मेंयही रूप हँसता, प्रसन्न इंगित करता मिलता हैसूर्य-चन्द्र में, नक्षत्रों-फूलों में, तृणों-द्रुमों में ।और यही मुख बार-बार उग पुन: डूब जाता हैमन के अमित अगाध सिन्धु में ज्वालामयी लहर-सालगता है, मानो, निकलीं तुम बाहर नहीं जलधि से,जन्मभूमि की शीतलता में अब भी खेल रही हो ।देखा तुम्हें बहुत, पर, अब भी तो यह ज्ञात नहीं है,प्रथम-प्रथम तुम खिलीं चीर टहनी किस कल्पलता की?लिया कहाँ आकार निकलकर निराकार के गृह से?उषा-सदृश प्रकटी थीं किन जलदॉ का पटल हटाकर?कहते हैं, मैं स्वयं विश्व में आया बिना पिता के:तो क्या तुम भी, उसी भांति, सचमुच उत्पन्न हुई थींमाता बिना, मात्र नारायण ऋषि की कामेच्छा से,तप:पूत नर के समस्त संचित तप की आभा-सी?या समुद्र जब अंतराग़्नि से आकुल, तप्त, विकल था,तुम प्रसून-सी स्वयं फूट निकलीं उस व्याकुलता से,ज्यों अम्बुधि की अंतराग्नि से अन्य रत्न बनते है?और सुरासुर के अभंग, युग-व्यापी आह्वानों सेदयाद्रवित हो, एक प्रात, निकलीं अप्रतिम शिखा-सीअतल, वितल, पाताल, तलातल से ऊपर भूतल में,जैसे उषा निकल सागर-तल से ऊपर आती है?डूब गया होगा सारा आकाश कुतुक-विस्मय में,चकित खडे होंगे सब जब यह प्रतिमा अरुण प्रभा कीआकर ठहर गई होगी कम्पित, सुनील लहरों पर,धूम-तरंगों पर चढ़कर नाचती हुई ज्वाला-सी ।कैसा दीप रहा होगा पावकमय रूप तुम्हारानील तरंगो में, झलमल फेनों के शुभ्र वसन में!और चतुर्दिक तुम्हें घेर उद्ग्रीव भुजंगिनियों-सीदेख रही होंगी काली लहरें किस उत्सुकता से?रुदन किया होगा कितना अम्बुधि ने तुम्हें गँवाकर!मणि-मुक्ता-विद्रुम-प्रवाल से विरचे हुए भवन कीआभा उतर गई होगी, तुम से वियुक्त होते हीशून्य हो गया होगा सारा हृदय महासागर का ।और प्राप्त कर रक्त-मांस-मय इस अप्रतिम कुसुम कोकितना हर्ष-निनाद हुआ होगा देवों के जग में!तुम अनंत सौन्दर्य, एक तन में बस जाने पर भी,निखिल सृष्टि में फैल चतुर्दिक कैसे व्याप रही हो?तुम अनंत कल्पना, अंक चाहे जिस भांति भरूँ मैं,एक किरण तब भी बाहों से बाहर रह जाती है ।ये लोचन, जो किसी अन्य जग के नभ के दर्पण हैं;ये कपोल, जिसकी द्युति में तैरती किरण ऊषा की;ये किसलय से अधर , नाचता जिन पर स्वयं मदन है,रोती है कामना जहाँ पीड़ा पुकार करती है;ये श्रुतियाँ जिनमें उडुओं के अश्रु-बिन्दु झरते हैं;ये बाँहें, विधु के प्रकाश की दो नवीन किरणों सी;और वक्ष के कुसुम-पुंज, सुरभित विश्राम-भवन ये,जहाँ मृत्यु के पथिक ठहर कर श्रांति दूर करते हैं ।यह मुसकान, विभा जैसे दूरागत किसी किरण की;ध्यान जगा देती मन में यह किसी असीम जगत् काजिसे चाहता तो हूँ, पर, मैने न कभी देखा है ।यह रहस्यमय रूप कहीं त्रिभुवन में और नहीं है,सुर-किन्नर-गन्धर्व-लोक में अथवा मर्त्य-भुवन में ।तुम कैसे, तब कहो, भला, उस भांति जनम सकती होजैसे जग में अन्य, अपर सौन्दर्य जन्म लेते हैं?कहो, सत्य ही, तुम समुद्र के भीतर से निकली थीं?या कि शून्य से प्रकट हो गई सहसा चीर गगन को?अथवा जब अरूप सुषमा को रूपायित करने कोऋषि सौन्दर्य-समाधि बान्ध, तन्मय छवि के चिंतन में,बैठे थे निश्चेत, तभी नारी बन निकल पड़ी तुमनारायण की महाकल्पना से, एकायन मन से?