कबहुँ ससि माँगत अरि करैं, कबहुँ प्रतिबिंब निहारि डरैं।कबहुँ करताल बजाइ के नाचत, मातु सबै मन मोद भरैं॥कबहुँ रिसिआइ कहैं हठिकै, पुनि लेत सोई जेहि लागि अरैं।अवधेस के बालक चारि सदा तुलसी मन मंदिर में बिहरैं॥४॥
कभी जिद करते हुए चन्द्रमा माँगते हैं, कभी अपनी परछाईं देखकर ही डर जाते हैं, और कभी हाथ से ताली बजा-बजाकर नाचते हैं। इससे सभी माताओं का मन प्रसन्न होता है। कभी हठ करके नाराज होकर कुछ कहते हैं फिर वही लेते हैं जिसके लिए जिद करते हैं। दशरथ के ऐसे चारों लड़के तुलसीदास के मन में सदा विहार करते रहें।