गर्भ के अर्भक काटन को पटु धार कुठारु कराल है जाको।सोई हौं बूझत राजसभा 'धनु को दल्यौ', हौं दलिहौं बलु ताको॥लघु आनन उत्तर देत बड़े, लरिहै, मरिहै, करिहै कछु साको।गोरो गरूर गुमान भर्यौ, कहौ कौसिक छोटो-से ढोटो है काको॥२०॥
परशुरामजी कहते हैं — गर्भ के बच्चों को भी काटने में कुशल जिसका भयंकर फरसा है, वह मैं ही राजसभा से पूछता हूँ कि धनुष किसने तोड़ा है? मैं उसके बल को चूर-चूर कर दूँगा। हे विश्वामित्रजी, कहिये, यह छोटा-सा मुँह लेकर बड़ी-बड़ी बातें करनेवाला यह लड़का लड़कर मरेगा या कोई करतब दिखायेगा? गोरे रंग का, घमंड से भरा हुआ यह छोटा-सा बालक किसका है?